डिंडौरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर जिला स्तरीय समिति की अनुमोदन के बाद विभिन्न विभागों में लंबित अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों का निराकरण किया गया। इस क्रम में 30 जनवरी को कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित “दिशा” की बैठक में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और डिंडौरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने कुछ अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए थे। 02 फरवरी 2026 को आयोजित बैठक में शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे और कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की उपस्थिति में अब तक कुल 33 पात्र अभ्यर्थियों को अनुकंपा नियुक्ति का लाभ प्रदान करते हुए नियुक्ति आदेश वितरित किए गए।
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग ने बताया कि 7 आवेदकों को सहायक ग्रेड-3 के पद पर नियुक्त किया गया। इनमें लखन सिंह मरकाम, राजकुमारी सैयाम, आशा मिश्रा, आदित्य उइके, पुष्पराज नेवती, भूपेन्द्र सिंह ठाकुर और ईशा बनवासी शामिल हैं। साथ ही 1 आवेदक हिमेन्द्र वर्मन को प्राथमिक शिक्षक के पद पर नियुक्ति आदेश प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त 25 आवेदकों को नियमित चतुर्थ श्रेणी के पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। वहीं दिवंगत रंजीत तोतडिया के नामांकित परिजन विनय मरावी को शासन के अनुकंपा नियुक्ति नियमों के अंतर्गत 2 लाख रुपये की अनुकंपा अनुदान राशि की स्वीकृति प्रदान की गई।
शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि यह उनके सार्वजनिक जीवन का पहला अवसर है जब 33 पात्र अभ्यर्थियों को एक साथ अनुकंपा नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। उन्होंने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया का धन्यवाद किया। नियुक्ति आदेश प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों ने भी जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर जेपी यादव, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत पंकज जैन, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, एसडीएम डिंडौरी भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर प्रियांशी जैन, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग राजेन्द्र कुमार जाटव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
