— साइबर सेल और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 2024 से अब तक 1,544 मोबाइल रिकवर कर लौटाए उनके असली मालिकों को
डिंडौरी। पुलिस ने साइबर सेल और जिले के सभी थाना प्रभारियों की संयुक्त कार्रवाई से 271 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 48 लाख 78 हजार रुपये बताई गई है। बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए गए, जिससे लोगों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी और उन्होंने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेखा धमेन्द्र सिंह एवं सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण में की गई। साइबर सेल और थाना स्तर की टीमों ने मोबाइल ट्रैकिंग, IMEI ट्रेसिंग और डिजिटल निगरानी जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर मोबाइल फोन खोज निकाले।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली डिंडौरी से 45, शहपुरा से 73, समनापुर से 61, गाड़ासरई से 18, मेहंदवानी से 19, करंजिया से 14, शाहपुर से 11 और बजाग से 30 मोबाइल बरामद किए गए।
डिंडौरी पुलिस ने बताया कि वर्ष 2024 से अब तक जिले में कुल 1,544 गुम मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 77 लाख 92 हजार रुपये है। लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाई से आम नागरिकों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हुआ है।
मोबाइल बरामदगी अभियान में साइबर टीम के साथ विभिन्न थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा पुलिस कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग से आम जनता को त्वरित राहत पहुंचाना पुलिस की प्राथमिकता है।
डिंडौरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल गुम हो जाए तो तुरंत नजदीकी थाना या साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें। साथ ही, गुम या चोरी हुए मोबाइल की जानकारी CEIR पोर्टल पर दर्ज कर मोबाइल को ब्लॉक एवं ट्रैक कराने की प्रक्रिया भी अपनाएं। इससे मोबाइल की बरामदगी की संभावना बढ़ जाती है।




