डिंडौरी । भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की समनापुर शाखा में KYC अपडेट कराने पहुंचे एक ग्राहक ने बैंक कर्मचारियों पर KYC के नाम पर ₹3,000 का बीमा कराने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का कहना राघवेंद्र राजपूत है कि उसे स्पष्ट रूप से कहा गया कि यदि बीमा नहीं कराया गया तो KYC की प्रक्रिया पूरी नहीं की जाएगी।
ग्राहक के अनुसार वह सुबह से बैंक में KYC कराने पहुंचा था, लेकिन करीब तीन घंटे तक इंतजार कराने के बाद भी उसकी KYC नहीं की गई। आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने पहले बीमा पॉलिसी लेने की बात कही और इंकार करने पर KYC नहीं की गई।
पीड़ित का कहना है कि KYC बैंक की नियमित प्रक्रिया है और इसके लिए किसी प्रकार का बीमा लेना अनिवार्य नहीं है। ऐसे में यदि बीमा के लिए दबाव बनाकर KYC रोकी जा रही है तो यह गंभीर मामला है। घटना के बाद बैंक की कार्यप्रणाली को लेकर ग्राहकों में नाराजगी देखी गई।
हालांकि, इस मामले में SBI समनापुर शाखा प्रबंधन का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। बता दें कि यह खबर शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।




