Dindori News : BSNL नेटवर्क बिछाने में ठेकेदार की लापरवाही! सड़क बनी कीचड़ का दलदल, ग्रामीणों का निकलना हुआ मुश्किल….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

कनाई सांगवा में दो माह बाद भी अधूरा कार्य, गड्ढे नहीं भरने से हर दिन हादसे का खतरा; ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग उठाई

डिंडौरी। जिले में बीएसएनएल नेटवर्क विस्तार के लिए ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने का कार्य कई गांवों में किया जा रहा है, लेकिन संबंधित ठेकेदार की लापरवाही के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डिंडौरी विकासखंड के ग्राम कनाई सांगवा में केबल बिछाने के लिए सड़क किनारे खोदे गए गड्ढों को पाइप डालने के बाद भी नियमानुसार नहीं भरा गया है। वहीं खुदाई से निकली मिट्टी सड़क पर ही छोड़ दी गई है।

 

लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर फैली मिट्टी कीचड़ में तब्दील हो गई है, जिससे ग्रामीणों का पैदल चलना और दोपहिया वाहनों से आवागमन जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन बाइक सवार फिसलकर गिर रहे हैं। स्थिति ऐसी है कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

 

ग्रामीणों के अनुसार, कार्य शुरू हुए करीब दो माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक केबल बिछाने का काम पूरा नहीं हो पाया है। अधूरे कार्य और निर्माण एजेंसी की लापरवाही का खामियाजा गांव के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो गई है, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।

 

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि संबंधित ठेकेदार की लापरवाही की जांच कर उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क पर छोड़ी गई मिट्टी हटाकर गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए और निर्माण कार्य गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो बरसात के दौरान कोई बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *