MP Teacher Promotion 2026 : प्राथमिक शिक्षकों की पदोन्नति की तैयारी तेज, जबलपुर संभाग के 8 जिलों से मांगी गई वरिष्ठता सूची व रिक्त पदों की जानकारी….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

मध्यप्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम-2025 के तहत शुरू हुई प्रक्रिया, विभाग ने तत्काल मांगा विस्तृत ब्यौरा

 

मध्यप्रदेश में जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के अंतर्गत कार्यरत प्राथमिक शिक्षकों की लंबे समय से प्रतीक्षित पदोन्नति प्रक्रिया अब गति पकड़ती नजर आ रही है। मध्यप्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम-2025 के तहत प्राथमिक शिक्षकों को माध्यमिक शिक्षक के पद पर पदोन्नत किए जाने की कार्रवाई प्रारंभ करते हुए संभागीय उपायुक्त, जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति विकास, जबलपुर संभाग ने मंडला, डिंडौरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, जबलपुर, कटनी एवं नरसिंहपुर जिले के सहायक आयुक्तों एवं जिला संयोजकों को आवश्यक जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं।

 

13 जुलाई 2026 को जारी पत्र में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 19 जून 2025 को जारी मध्यप्रदेश राजपत्र का हवाला देते हुए कहा गया है कि पदोन्नति की कार्रवाई नियमानुसार की जानी है। इसके लिए प्रत्येक जिले से वर्ष 2025 की विषयवार वरिष्ठता सूची, मॉडल रोस्टर के अनुसार विषयवार ग्रेडेशन सूची तथा पदोन्नति से संबंधित सभी आवश्यक अभिलेख मांगे गए हैं।

 

विभाग ने विषयवार स्वीकृत, कार्यरत एवं रिक्त पदों का पृथक-पृथक विवरण भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा 50 प्रतिशत सीधी भर्ती एवं 50 प्रतिशत पदोन्नति के प्रावधान के अनुसार पदों का वर्गीकरण, संस्थावार रिक्त पदों की स्थिति तथा माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के स्वीकृत, भरे एवं रिक्त पदों की जानकारी भी भेजने को कहा गया है।

 

पत्र में विशेष रूप से उल्लेख किया गया है कि पूर्व वर्षों में जिन प्राथमिक शिक्षकों को प्रभारी व्यवस्था के तहत माध्यमिक शिक्षक या उच्च पदों पर पदस्थ किया गया है, उनके मूल पदों को भी रिक्त मानते हुए रिक्तियों की गणना की जाएगी, ताकि पदोन्नति प्रक्रिया में किसी प्रकार की विसंगति न रहे।

 

संभागीय उपायुक्त ने सभी जिलों को निर्देशित किया है कि जिला अधिकारी के हस्ताक्षरयुक्त हार्ड कॉपी के साथ-साथ निर्धारित प्रारूप में एक्सेल शीट तैयार कर विभाग के आधिकारिक ई-मेल पर तत्काल भेजी जाए। जानकारी प्राप्त होने के बाद पात्र शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

 

विभाग के इस निर्देश के बाद जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत कार्यरत हजारों प्राथमिक शिक्षकों में पदोन्नति को लेकर नई उम्मीद जगी है। लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया शुरू होने से शिक्षकों को उनके वरिष्ठता क्रम के अनुसार माध्यमिक शिक्षक के पद पर पदस्थापना का रास्ता साफ होने की संभावना है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *