Corruption News : कोकोमेटा पंचायत में कथित वित्तीय गड़बड़ी की जांच शुरू, जनपद CEO ने तीन सदस्यीय जांच दल किया गठित….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

पुराने कुएं को नया बताकर भुगतान किए जाने के आरोपों पर दो दिन में मांगी जांच रिपोर्ट, अखबार में प्रकाशित खबर के बाद हुई कार्रवाई

 

डिंडौरी। ग्राम पंचायत कोकोमेटा में 15वें वित्त आयोग की राशि से पुराने कुएं को नया निर्माण दर्शाकर लगभग दो लाख रुपये के भुगतान के आरोपों के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। समाचार पत्रों में मामला प्रकाशित होने के बाद जनपद पंचायत समनापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच दल का गठन कर दिया है।

जारी आदेश के अनुसार, ग्राम पंचायत कोकोमेटा में कुआं निर्माण कार्य से संबंधित शिकायतों की जांच के लिए बीपीओ सुंदर सिंह कंवर, सहायक विकास विस्तार अधिकारी अमर सिंह चौहान और उपयंत्री संताराम उइके को जांच दल में शामिल किया गया है। जांच दल को निर्देश दिए गए हैं कि वह दो दिवस के भीतर स्थल निरीक्षण कर शिकायत की जांच पूरी कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करे।

 

गौरतलब है कि ग्राम पंचायत कोकोमेटा में ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में रतिराम के खेत के पास पहले से मौजूद पुराने कुएं को नया निर्माण दर्शाकर लगभग दो लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया। ग्रामीणों ने सरपंच, सचिव एवं संबंधित उपयंत्री पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए निर्माण स्थल का तकनीकी परीक्षण, माप पुस्तिका (एमबी), भुगतान अभिलेख एवं अन्य दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की थी।

 

अब जनपद पंचायत द्वारा जांच दल गठित किए जाने के बाद पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होने की उम्मीद बढ़ गई है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के साथ शासकीय राशि की वसूली भी की जा सकती है। फिलहाल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

 

पूर्व में प्रकाशित खबर

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *