— कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने दिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश
डिंडौरी। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 9 नवंबर को जनजाति कल्याण केंद्र बरगांव में होने वाले स्वास्थ्य एवं दिव्यांगजन शिविर और 1 नवंबर को मनाए जाने वाले मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
कलेक्टर ने विभिन्न विभागों—महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, लोक निर्माण, नगर परिषद, जनपद पंचायत, शिक्षा, कृषि, आजीविका मिशन, जनसंपर्क विभाग आदि को जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर में जनता को शासकीय योजनाओं की जानकारी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
कलेक्टर ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर में विभागीय प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, ताकि ग्रामीण अंचल के लोग शासन की योजनाओं से सीधे जुड़ सकें। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में शामिल होकर लाभ प्राप्त करें।
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम की तैयारियां समयसीमा में पूरी हों और सभी शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाए।
बैठक में उन्होंने कहा कि 100 दिन से अधिक लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का निराकरण 31 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से किया जाए, अन्यथा लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को विशेष निर्देश दिए कि जिले में लंबित 1500 छात्रवृत्ति प्रकरणों का निराकरण शीघ्र किया जाए। उन्होंने कहा कि दो दिनों के भीतर सभी प्रकरण तैयार कर मेरे हस्ताक्षर के बाद भोपाल जाकर निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति मिल सके।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, एसडीएम डिंडौरी सुश्री भारती मेरावी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग राजेन्द्र कुमार जाटव सहित सभी अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं अन्य एसडीएम और जनपद सीईओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।





