— बिप्लब कुमार देव बने मध्य प्रदेश के प्रभारी, रेखा वर्मा को सह प्रभारी की जिम्मेदारी
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए सभी 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों की नियुक्ति की है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से 23 सितंबर 2026 को जारी सूची के मुताबिक कई वरिष्ठ नेताओं को नई संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
मध्य प्रदेश में त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बिप्लब कुमार देव को प्रदेश प्रभारी बनाया गया है, जबकि सांसद रेखा वर्मा को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। इस नियुक्ति के साथ मध्य प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक स्तर पर नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
भाजपा की नई सूची में विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड, सतीश पूनिया को जम्मू-कश्मीर और पंजाब तथा तरुण चुघ को गुजरात का प्रभारी बनाया गया है। सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
मध्य प्रदेश के नेताओं को भी मिली जिम्मेदारियां
भाजपा की नई संगठनात्मक सूची में मध्य प्रदेश के कई नेताओं को भी दूसरे राज्यों में जिम्मेदारी दी गई है। अरविंद भदौरिया को आंध्र प्रदेश का प्रभारी, कविता पाटीदार को राजस्थान का सह प्रभारी और लाल सिंह आर्य को पश्चिम बंगाल का सह प्रभारी बनाया गया है। वहीं गजेंद्र पटेल को झारखंड का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व और संबंधित राज्य संगठन के बीच समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पार्टी की ओर से जारी नई सूची के साथ देशभर में राज्यवार संगठनात्मक जिम्मेदारियों का नया ढांचा तय किया गया है।

