डिंडौरी। जनजातीय कार्य विभाग की योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन एवं प्रशासनिक कार्यों में सुविधा के मद्देनजर कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने जिले के तीन शैक्षणिक अधिकारियों को उनके वर्तमान पद के साथ विकासखंड शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। इस संबंध में 24 सितंबर को आदेश जारी किया गया है।
आदेश के अनुसार जैमल सिंह कुशरे, प्रथम श्रेणी प्राचार्य, कन्या शिक्षा परिसर समनापुर को विकासखंड शिक्षा अधिकारी समनापुर का प्रभारी बनाया गया है। वहीं संजय कुमार जाट, प्राचार्य हाई स्कूल, नवीन हाई स्कूल मड़वारी, विकासखंड शहपुरा को विकासखंड शिक्षा अधिकारी शहपुरा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इसी क्रम में बलवीर सिंह मरावी, उच्च माध्यमिक शिक्षक एवं प्रभारी प्राचार्य, कन्या शिक्षा परिसर बजाग को विकासखंड शिक्षा अधिकारी बजाग का प्रभारी दायित्व दिया गया है।
आदेश में संबंधित अधिकारियों को 25 सितंबर 2026 तक पूर्व प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी से प्रभार ग्रहण कर अपनी मूल पदस्थ संस्था/कार्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पद के आहरण एवं वितरण से संबंधित अधिकार भी प्रत्यायोजित किए गए हैं।
कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी। संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं शैक्षणिक संस्थाओं को आदेश की प्रतिलिपि भेजकर आवश्यक पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

