डिंडौरी । जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत कंचनपुर में सीसी रोड निर्माण कार्य को लेकर शिकायत सामने आई है। ग्राम पंचायत के उपसरपंच बिसराम सिंह मरावी, निवासी ग्राम डुंडी सरई, ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत शहपुरा को लिखित शिकायत देकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता सहित पंचायत में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क अधोसंरचना योजना के तहत कंचनपुर में कराए जा रहे सीसी रोड निर्माण में निर्धारित तकनीकी मापदंडों का पालन नहीं किया जा रहा है। आरोप के मुताबिक, वोल्डर बिछाने के बाद पर्याप्त बेस तैयार किए बिना तथा वाइब्रेटर का उपयोग किए बगैर 10 एमएम गिट्टी से निर्माण कराया जा रहा है। शिकायत में सड़क के बीच के हिस्से में करीब 3 से 4 इंच मोटाई होने का भी उल्लेख किया गया है।
उपसरपंच का आरोप है कि निर्माण की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा सवाल उठाए जाने पर उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराकर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की है।
ग्रामसभा और राशि निकासी पर भी सवाल
शिकायत में ग्रामसभा के आयोजन और प्रस्ताव को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। उपसरपंच का आरोप है कि बिना सूचना के ग्रामसभा आयोजित कर कुछ पंचों की मौजूदगी में प्रस्ताव पारित किए गए। वहीं नल-जल योजना एवं अन्य सामग्री के नाम पर करीब तीन लाख रुपये की राशि निकाले जाने का आरोप भी शिकायत में लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने संबंधित दस्तावेजों, बिल-वाउचर और भुगतान की जांच कराने की मांग की है।
पूर्व की कार्रवाई का भी दिया हवाला
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत कंचनपुर के सरपंच और सचिव के विरुद्ध पूर्व में भी अनियमितताओं को लेकर कार्रवाई हो चुकी है। शिकायत के अनुसार, जिला पंचायत न्यायालय द्वारा रिकवरी का आदेश भी पारित किया गया था। इसके बाद भी राशि निकाले जाने का आरोप लगाया गया है। संबंधित मामला न्यायालय में लंबित होने की बात भी शिकायत में कही गई है।
हाईकोर्ट के आदेश का हवाला
उपसरपंच ने अपनी शिकायत में 10 अगस्त 2026 को उच्च न्यायालय जबलपुर द्वारा पारित आदेश का भी उल्लेख किया है। उनका कहना है कि संबंधित प्रकरण कलेक्टर न्यायालय डिंडौरी में विचाराधीन है। इसके बावजूद पंचायत में वित्तीय गतिविधियां जारी रहने पर उन्होंने सवाल उठाए हैं।
DSC बंद कराने और जांच की मांग
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि सरपंच एवं सचिव की वित्तीय गतिविधियों से संबंधित DSC की स्थिति की तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही सीसी रोड निर्माण की तकनीकी जांच, पंचायत के प्रस्ताव, माप पुस्तिका, बिल-वाउचर और भुगतान संबंधी अभिलेखों की जांच कराई जाए। शिकायत में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई एवं राशि की वसूली की मांग की गई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। मामले में प्रशासनिक एवं तकनीकी जांच के बाद ही निर्माण कार्य और वित्तीय अनियमितताओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
