— जनविश्वास और सेवा संकल्प अभियान के लक्ष्यों की नियमित समीक्षा के निर्देश, लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने को कहा
डिंडौरी। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्यों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संभागायुक्त धनंजय सिंह भदौरिया ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से प्रगति की मॉनिटरिंग की जाए।
संभागायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की निरंतर निगरानी करने तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में वीबी-जी राम जी योजना सहित अन्य योजनाओं के विभागवार लक्ष्यों की भी समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं की प्रगति केवल कागजी आंकड़ों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनका वास्तविक लाभ मैदानी स्तर पर दिखाई देना चाहिए। हितग्राहीमूलक योजनाओं में पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें समय पर लाभ दिलाने, लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा नियमित रूप से प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
