Dindori News : जिले में पटाखा दुकानों का निरीक्षण, कार्बाइड गन एवं अवैध आतिशबाजी पर सख्त निगरानी…

Rathore Ramshay Mardan
1 Min Read

डिंडौरी । मध्यप्रदेश के अन्य जिलों में दीपदान एवं आतिशबाजी के दौरान हुए हादसों में कई लोग घायल हुए हैं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने जिले में अवैध आतिशबाजी की रोकथाम एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में पटाखा विक्रय केन्द्रों का निरीक्षण करें। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्बाइड गन या अन्य अवैधानिक रूप से विक्रय की जा रही आतिशबाजी सामग्री मिलने पर तत्काल छापामार कार्यवाही करते हुए दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की जाए।

निर्देशों के अनुपालन में एसडीएम डिंडोरी सुश्री भारती मेरावी के नेतृत्व में नगर के पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान किसी भी दुकानदार के पास कार्बाइड गन नहीं पाई गई। इसी प्रकार तहसील बजाग एवं शहपुरा में भी निरीक्षण किया गया, जहां किसी भी पटाखा दुकान में कार्बाइड गन या अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं नहीं मिलीं। कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने कहा कि जिले में सार्वजनिक सुरक्षा सर्वोपरि है, अतः सभी अधिकारी सतत निरीक्षण करते रहें एवं नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्यवाही सुनिश्चित करें।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *