नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए कई वरिष्ठ IAS अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों को मंजूरी दी है। यह फैसला Appointments Committee of the Cabinet (ACC) द्वारा लिया गया है।
— जारी आदेश के मुताबिक
जारी आदेश के अनुसार, कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों में सचिव स्तर पर बदलाव किए गए हैं, जिससे शासन-प्रशासन को और प्रभावी बनाने की कोशिश की गई है।
सबसे अहम नियुक्तियों में निवेदिता शुक्ला वर्मा को प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग का सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
वहीं चंचल कुमार को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि संजय जाजू को पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय में सचिव बनाया गया है।
नरेंद्र भूषण को ग्रामीण विकास मंत्रालय के अंतर्गत भूमि संसाधन विभाग का सचिव बनाया गया है। वहीं चंद्रशेखर कुमार को राष्ट्रीय वर्षा आधारित क्षेत्र प्राधिकरण (National Rainfed Area Authority) का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
पर्यटन मंत्रालय के सचिव श्रीवत्स कृष्णा को अब अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय में सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। उनके स्थान पर भुवनेश कुमार को पर्यटन मंत्रालय का नया सचिव बनाया गया है।
इसके अलावा रोहित कंसल को ग्रामीण विकास मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि भरत हरबंसलाल खेरा को MSME मंत्रालय में सचिव स्तर की जिम्मेदारी दी गई है।
आईटी क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव करते हुए अभिषेक सिंह को राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) का महानिदेशक बनाया गया है। सरकार ने कुछ अधिकारियों को विशेष सचिव के स्तर पर पदोन्नत भी किया है, जिसमें संजय रस्तोगी और सज्जन सिंह यादव शामिल हैं।
— क्या है खास?
यह फेरबदल कई अहम मंत्रालयों—ग्रामीण विकास, सूचना एवं प्रसारण, पर्यटन, MSME और वित्त—में किया गया है, जिससे नीति क्रियान्वयन में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। देखें पूरी आदेश….


