मध्यप्रदेश के देवास जिले अवैध शराब तस्करी रोकने के दौरान थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी को आईसर वाहन से कुचलने के मामले में देवास पुलिस ने आरोपी चालक गजेन्द्र उर्फ अक्कू के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अभिरक्षा से फरार होने की कोशिश के दौरान थाना बरोठा क्षेत्र में आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई, जिसे शॉर्ट एनकाउंटर बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी गजेन्द्र उर्फ अक्कू को पुलिस ने गिरफ्तार कर अभिरक्षा में लिया था। इसी दौरान उसने पुलिस की गिरफ्त से भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे रोकने की कोशिश की, जिस दौरान थाना बरोठा क्षेत्र में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू में लिया।
गौरतलब है कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी को आईसर वाहन से कुचल दिया गया था। इस घटना में उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। मामले में दो वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से अलग-अलग 10-10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
शहीद थाना प्रभारी को कुचलने की घटना के बाद से ही पुलिस इस मामले में आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही थी। आरोपी चालक के पकड़े जाने और मुठभेड़ की घटना को पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

