MP School Education : कर्तव्यनिष्ठ शिक्षकों को मिलेगा डिजिटल प्रशस्ति-पत्र, स्कूल शिक्षा विभाग ने शुरू की नई पहल…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

— ‘हमारे शिक्षक’ ऐप पर नियमित उपस्थिति और डिजिटल सुविधाओं के बेहतर उपयोग करने वाले शिक्षकों को मिलेगा सम्मान, सचिव डॉ. संजय गोयल ने अधिकारियों को दिए निर्देश

 

भोपाल। मध्यप्रदेश में नियमित उपस्थिति दर्ज कराने और डिजिटल व्यवस्था का बेहतर उपयोग करने वाले शिक्षकों को अब स्कूल शिक्षा विभाग डिजिटल प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित करेगा। विभाग ने शिक्षकों में अनुशासन, समयबद्धता और कर्तव्यनिष्ठा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह नई पहल शुरू की है। इसके तहत ‘हमारे शिक्षक’ ई-अटेंडेंस ऐप का प्रभावी उपयोग करने वाले शिक्षकों को ऐप के माध्यम से ही डिजिटल प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे।

स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. संजय गोयल ने शुक्रवार को लोक शिक्षण संचालनालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ‘हमारे शिक्षक’ ई-अटेंडेंस ऐप के उपयोग और उपलब्धियों पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमित एवं समयबद्ध उपस्थिति दर्ज करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित किया जाए।

उन्होंने कहा कि जो शिक्षक ऐप के माध्यम से नियमित उपस्थिति दर्ज करने के साथ अवकाश आवेदन सहित अन्य विभागीय कार्यों का भी संपादन कर रहे हैं, उन्हें डिजिटल प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाए। इससे शिक्षकों को डिजिटल व्यवस्था के अधिकाधिक उपयोग के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

डॉ. गोयल ने कहा कि शिक्षकों की नियमित उपस्थिति गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आधारशिला है। शिक्षक समय पर विद्यालय पहुंचते हैं तो शिक्षण कार्य सुचारू और व्यवस्थित रहता है। साथ ही विद्यार्थियों में भी अनुशासन, समयबद्धता और पढ़ाई के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है।

उन्होंने कहा कि ‘हमारे शिक्षक’ ऐप का सार्थक उपयोग करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने की यह पहल डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही शिक्षकों में जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को बढ़ावा देगी। यह बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में शिक्षकों के योगदान को सम्मान देने का भी प्रयास है। बैठक में आयुक्त लोक शिक्षण अभिषेक सिंह, अपर मिशन संचालक नंदा भलावे कुशरे, संचालक डॉ. कामना आचार्य सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *