
—जोगीटिकरिया में मची अफरा-तफरी, ट्रक को हाईवे से दूर खेत में ले गया चालक, ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड बुलाकर आग पर पाया काबू
डिंडौरी। जिले के जोगीटिकरिया में शनिवार को सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गैस सिलेंडरों से भरे एक ट्रक के टायर में अचानक आग लग गई। ट्रक में बड़ी संख्या में HP गैस के भरे हुए सिलेंडर लोड थे, जिन्हें मनेरी प्लांट से डिंडौरी जिले के गाड़ासरई पहुंचाया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, ट्रक जोगीटिकरिया के पास से गुजर रहा था, तभी अचानक उसके टायर में आग लग गई। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ का परिचय दिया और ट्रक को हाईवे से हटाकर सड़क किनारे खेत में खड़ा कर दिया। ट्रक में भरे गैस सिलेंडरों को देखते हुए आग की घटना बेहद खतरनाक साबित हो सकती थी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय रहवासियों ने तत्परता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम की मदद से टायर में लगी आग पर काबू पाया गया। चालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। आग लगने के कारणों और ट्रक में लोड सिलेंडरों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। मामले में आगे की जानकारी मिलने पर खबर अपडेट की जाएगी


