— समनापुर थाना क्षेत्र के अंगवार गांव की घटना, युवक को नीचे उतारने के लिए ग्रामीण करते रहे मान-मनौव्वल, घटना की वजह बनी चर्चा का विषय
डिंडौरी। जिले के समनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अंगवार गांव के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अचानक करीब 150 फीट ऊंचे बिजली के टॉवर पर चढ़ गया। टॉवर की इतनी ऊंचाई पर युवक को देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और हर किसी की निगाहें युवक पर टिक गईं।
जानकारी के अनुसार, युवक करीब तीन घंटे तक बिजली के टॉवर पर चढ़ा रहा। इस दौरान नीचे मौजूद ग्रामीण लगातार उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाते और मनाते रहे। काफी देर तक चले इस घटनाक्रम के बीच ग्रामीणों की सांसें अटकी रहीं। आखिरकार लगातार समझाइश और मान-मनौव्वल के बाद युवक नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ और सुरक्षित टॉवर से नीचे आ गया।
करीब तीन घंटे तक चले इस घटनाक्रम के सुरक्षित समाप्त होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि इतनी ऊंचाई पर युवक के मौजूद रहने के बावजूद कोई अप्रिय हादसा नहीं हुआ।
आखिर किन परिस्थितियों में टॉवर पर चढ़ा युवक?
इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर युवक करीब 150 फीट ऊंचे बिजली के टॉवर पर क्यों चढ़ा था? इसके पीछे क्या वजह रही, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। युवक के टॉवर पर चढ़ने की वास्तविक वजह सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

