— टिमरनी से गुजरात भेजी जा रही थी अवैध शराब की खेप, वाहन जब्त; मुख्यमंत्री ने दिवंगत थाना प्रभारी की पत्नी को एसआई पद पर अनुकंपा नियुक्ति और परिवार को एक करोड़ रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए
मध्यप्रदेश के देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब से भरे वाहन को रोकने के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप पुरी की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के बाद पुलिस की चार विशेष टीमों ने दबिश देकर अवैध शराब से भरे आयशर वाहन को पकड़ लिया है। पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क के मुख्य सरगना राहुल जायसवाल निवासी टिमरनी, जिला हरदा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं वाहन उपलब्ध कराने वाले केरम सिंह चांगोड़ को अभिरक्षा में लिया गया है। मामले में विजय राव निवासी इंदौर को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार 2 नवंबर की रात सूचना मिली थी कि आयशर वाहन क्रमांक MP-43 H4786 में बड़ी मात्रा में अवैध शराब भरकर टिमरनी, जिला हरदा से गुजरात ले जाई जा रही है। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कन्नौद के निर्देशन में चार टीमों का गठन कर नाकाबंदी की गई। इस दौरान सांडलपुर फाटा स्थित नर्मदा ढाबे के सामने संदिग्ध आयशर वाहन खड़ा दिखाई दिया।
थाना प्रभारी खातेगांव निरीक्षक दिलीप पुरी ने वाहन चालक को नीचे उतरकर तलाशी देने के लिए कहा। इसी दौरान चालक ने कथित रूप से उन्हें जान से मारने की नीयत से वाहन से कुचल दिया और अवैध शराब से भरे वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना में आरक्षक सोहन जाट को भी वाहन से कुचलने का प्रयास किया गया, जिसमें वह घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
अवैध शराब के नेटवर्क का मुख्य सरगना गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया। विवेचना में सामने आया कि वाहन चालक गजेन्द्र उर्फ अक्कु रावत निवासी अलीराजपुर था, जिसे वाहन केरम सिंह चांगोड़ निवासी अलीराजपुर ने उपलब्ध कराया था। पुलिस ने केरम सिंह को अभिरक्षा में लिया है। जांच में पता चला कि शराब की खेप टिमरनी से गुजरात भेजी जा रही थी।
जांच के दौरान शराब कारोबार में पाटेन्द्र जायसवाल निवासी बड़वानी के नाम पर ठेका होने की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक इस नेटवर्क में राहुल जायसवाल, मनीष जायसवाल और मोहिन जायसवाल की 30-30 प्रतिशत तथा पाटेन्द्र की 10 प्रतिशत भागीदारी बताई गई है। राहुल जायसवाल तीनों दुकानों से अवैध शराब की सप्लाई का नेटवर्क संचालित कर रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण में विजय राव निवासी इंदौर को भी गिरफ्तार किया गया है।
पांच जिलों में पुलिस की दबिश, फरार आरोपियों पर इनाम
मामले में थाना खातेगांव में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 109(1), 121(2), 3(5) एवं आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस द्वारा पांच जिलों में अलग-अलग टीमें गठित कर फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस अधीक्षक देवास ने फरार आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
मुख्यमंत्री ने दिए एक करोड़ की सहायता और अनुकंपा नियुक्ति के निर्देश
थाना प्रभारी दिलीप पुरी के कर्तव्य निर्वहन के दौरान दिवंगत होने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुख्यमंत्री ने मामले की विस्तृत जांच के लिए विशेष पुलिस महानिदेशक उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया तथा निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत थाना प्रभारी की धर्मपत्नी को उप निरीक्षक (एसआई) के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने और उनके परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
