Dindori News : मजदूरों के खातों में पहुंचे 14 करोड़ से ज्यादा रुपये! मनरेगा के 703.53 लाख और वीबी-जी राम जी के 725.42 लाख का भुगतान….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

— सातों जनपद पंचायतों में लंबित मजदूरी का भुगतान पूरा, अब भी मनरेगा की 14.07 लाख रुपये की मजदूरी बाकी

डिंडौरी। जिले में मनरेगा के तहत लंबे समय से लंबित मजदूरी के भुगतान को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के दौरान श्रमिकों की कुल 703.53 लाख रुपये की मजदूरी उनके बैंक खातों में अंतरित कर दी गई है। वहीं, वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत भी वित्तीय वर्ष 2026-27 में 725.42 लाख रुपये का भुगतान श्रमिकों को किया जा चुका है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मनरेगा के तहत वर्ष 2025-26 की 568.43 लाख रुपये तथा वर्ष 2026-27 की 135.10 लाख रुपये की मजदूरी का भुगतान किया गया है। इस तरह जिले के सातों जनपद पंचायत क्षेत्रों में श्रमिकों को उनकी लंबित मजदूरी की राशि उपलब्ध कराई गई है।

जनपद पंचायतवार भुगतान की बात करें तो अमरपुर में 83.40 लाख रुपये, बजाग में 109.01 लाख रुपये, डिंडौरी में 121.18 लाख रुपये, करंजिया में 64.15 लाख रुपये, मेंहदवानी में 86.94 लाख रुपये, समनापुर में 119.72 लाख रुपये और शहपुरा में 119.13 लाख रुपये का भुगतान किया गया है।

हालांकि, भुगतान के बाद भी मनरेगा के तहत कुछ मजदूरी राशि लंबित है। आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2025-26 की 6.83 लाख रुपये तथा वर्ष 2026-27 की 7.24 लाख रुपये की मजदूरी का भुगतान अभी बाकी है। शेष राशि के भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इसी तरह वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 725.42 लाख रुपये की मजदूरी श्रमिकों के खातों में पहुंचाई जा चुकी है। शेष भुगतान राशि दीपावली पर्व के पूर्व उपलब्ध कराने के लिए प्रक्रिया पूर्ण करने का प्रयास किया जा रहा है।

मजदूरी भुगतान की यह राशि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार से जुड़े श्रमिकों के लिए राहत देने वाली है। अब शेष लंबित मजदूरी का भुगतान कब तक पूरा होता है, इस पर श्रमिकों की नजर रहेगी।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *