डिंडौरी। जिले के ग्राम बरबसपुर माल की निवासी राजवती, पति अशोक दास ने आर्थिक तंगी से जूझते हुए कलेक्टर कार्यालय में सहायता के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदिका ने बताया कि वह पिछले करीब 10 माह से बीमार हैं, जिसके चलते नियमित रूप से काम नहीं कर पा रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर हो गई है।
उन्होंने अपने आवेदन में उपचार और दैनिक खर्चों में आ रही परेशानियों का उल्लेख करते हुए जिला प्रशासन से आर्थिक मदद की मांग की। परिवार के भरण-पोषण में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।
जिला प्रशासन द्वारा त्वरित पहल करते हुए रेडक्रॉस के माध्यम से आवेदिका को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस मदद से महिला को तत्काल राहत मिली है। सहायता राशि मिलने पर राजवती ने खुशी जाहिर करते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
