डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत डिंडौरी दिव्यांशु चौधरी ने विकासखंड मेहंदवानी के ग्राम बुल्दा, पिंडरूखी और अमरपुर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित नल-जल योजनाओं, शालाओं और आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
सीईओ ने ग्राम पिंडरूखी में शासकीय प्राथमिक शाला और आंगनवाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई-लिखाई से संबंधित जानकारी ली और विद्यालय के प्राचार्य को निर्देश दिए कि बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही विद्यालय परिसर में स्थित हैंडपंप का क्लोरिनेशन कराने के निर्देश लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि ग्राम पिंडरूखी की नल-जल योजना ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण बंद थी। इस पर उन्होंने विद्युत विभाग को तुरंत नया ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश दिए, जिसके बाद योजना को पुनः चालू कर दिया गया। लगभग डेढ़ माह बाद पानी मिलने से ग्रामीणों में उत्साह और राहत का माहौल रहा।
सीईओ ने छूटी हुई बसाहटों में जल्द घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराने और नई पाइपलाइन बिछाने के निर्देश भी दिए। ग्राम अमरपुर में नल-जल योजना के निरीक्षण के दौरान पेयजल आपूर्ति में आ रही समस्याओं पर जल निगम मर्यादित को 7 दिनों के भीतर पाइपलाइन बिछाने और नल कनेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं डगवेल में क्लोरिनेशन कर ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी प्रदान किए।
ग्राम बुल्दा में नल-जल योजना चालू पाई गई। इस अवसर पर सीईओ ने सरपंच को नियमित जलकर वसूली करने के निर्देश दिए, ताकि योजना का संचालन सुचारू रूप से जारी रहे। भ्रमण के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री अफजल अमानुल्लाह, जनपद पंचायत मेहंदवानी के सीईओ प्रमोद ओझा, सहायक यंत्री, उपयंत्री, सरपंच-सचिव एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।





