भोपाल। लोक शिक्षण संचालनालय मध्यप्रदेश ने शून्य नामांकन वाली शालाओं में पदस्थ शिक्षकों को अन्य शालाओं में पदस्थ करने के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर संबंधित शिक्षकों की सूची गूगल शीट “Zero Enrolment School Teacher Data for Counselling” में साझा की गई है। यदि किसी शिक्षक का नाम सूची से छूट गया है, तो जिला शिक्षा अधिकारी प्रविष्टि को 9 सितम्बर तक पूर्ण करेंगे।
काउंसलिंग का आयोजन 12 सितम्बर 2025 को दोपहर 12 बजे से जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में किया जाएगा। शिक्षकों को उपस्थित होकर अपनी पसंद की शाला का चयन करना होगा। जो शिक्षक काउंसलिंग में शामिल नहीं होंगे, उनकी पदस्थापना जिले की किसी भी शाला में की जा सकेगी।
काउंसलिंग प्रक्रिया वरिष्ठता क्रम पर आधारित होगी। वरिष्ठ शिक्षक को शाला विकल्प चुनने का अवसर पहले दिया जाएगा। चयनित विकल्प का सहमति पत्र जिला कार्यालय में सुरक्षित रखा जाएगा। साथ ही, काउंसलिंग उपरांत गूगल शीट का प्रिंटआउट निकालकर हस्ताक्षरित प्रति उसी दिन (12 सितम्बर) को dpispecialcell2@gmail.com पर भेजी जानी है। निर्धारित समयसीमा में पारदर्शी तरीके से कार्यवाही सुनिश्चित करना जिला शिक्षा अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।


