एक ही संभाग में पदोन्नति के अलग-अलग हालात पर कर्मचारी संघ ने उठाए सवाल, जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा ज्ञापन; जेडी कार्यालय पर टिकी कार्रवाई
डिंडौरी। शिक्षा विभाग में लिपिकीय संवर्ग के कर्मचारियों की पदोन्नति का मामला अब विवाद का रूप लेने लगा है। जबलपुर संभाग के अन्य अधीनस्थ जिलों में सहायक ग्रेड-3 से सहायक ग्रेड-2 के पद पर कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिल चुका है, लेकिन डिंडौरी जिले के लिपिकीय कर्मचारी अब भी इंतजार कर रहे हैं। इस स्थिति को लेकर मध्यप्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ ने नाराजगी जाहिर करते हुए पदोन्नति प्रक्रिया में डिंडौरी के कर्मचारियों के साथ कथित भेदभाव और अनावश्यक देरी का आरोप लगाया है।
संघ के जिला अध्यक्ष रतलेश कुमार नामदेव ने 29 अक्टूबर 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर पात्र कर्मचारियों को तत्काल पदोन्नति का लाभ दिलाने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल द्वारा लोक सेवा पदोन्नति नियम 2025 के तहत जबलपुर संभाग के अधीनस्थ जिलों में लगभग एक माह पहले सहायक ग्रेड-3 के कर्मचारियों को सहायक ग्रेड-2 के पद पर पदोन्नत किया जा चुका है। आरोप है कि संभाग के अन्य जिलों में प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद डिंडौरी के कर्मचारियों का मामला अब तक लंबित है।
एक ही संभाग में पदोन्नति के अलग-अलग हालात क्यों?
कर्मचारी संघ ने सवाल उठाया है कि जब समान विभाग और समान संवर्ग के कर्मचारियों को संभाग के अन्य जिलों में पदोन्नति दी जा सकती है, तो डिंडौरी में प्रक्रिया क्यों अटकी हुई है? आखिर ऐसी कौन सी प्रशासनिक या तकनीकी बाधा है, जिसके कारण यहां के कर्मचारी पदोन्नति के लाभ से वंचित हैं। संघ का कहना है कि इस देरी से कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है और उनके मनोबल पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
पदोन्नति समिति में प्रतिनिधित्व, फिर भी प्रक्रिया अधूरी
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि जबलपुर संभागीय कार्यालय द्वारा डिंडौरी जिले की विभागीय पदोन्नति समिति में संघ के प्रतिनिधि को सचिव/सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है। इसके बावजूद पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाना कई सवाल खड़े कर रहा है। संघ ने संबंधित अधिकारियों से विलंब के वास्तविक कारण स्पष्ट करने की मांग की है।
आयुक्त से कलेक्टर तक पहुंचा मामला
संघ ने ज्ञापन की प्रतिलिपि लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल के आयुक्त, जबलपुर संभाग के राजस्व आयुक्त, डिंडौरी कलेक्टर, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जबलपुर संभाग और संघ के प्रांताध्यक्ष को भी भेजी है। संघ ने मांग की है कि मामले में हस्तक्षेप कर पात्र कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराई जाए और देरी के कारणों से अवगत कराया जाए।
जेडी कार्यालय से होगी कार्रवाई, डिंडौरी से भेजी जा चुकी जानकारी
मामले में जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से बताया गया कि पदोन्नति संबंधी आगे की कार्रवाई संयुक्त संचालक (जेडी) कार्यालय से की जानी है। डिंडौरी जिले से संबंधित समस्त जानकारी जेडी कार्यालय को भेज दी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए जेडी कार्यालय से संपर्क किया जाए।
अब पदोन्नति को लेकर कर्मचारियों की निगाहें जबलपुर स्थित संयुक्त संचालक लोक शिक्षण कार्यालय पर टिकी हैं। सवाल यह है कि जब संभाग के अन्य जिलों में पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, तो डिंडौरी के कर्मचारियों को अपने अधिकार के लिए और कितना इंतजार करना पड़ेगा।

