— एरियर्स भुगतान में देरी, NPS खातों में कम राशि जमा होने और सेवानिवृत्त व दिवंगत शिक्षकों की पेंशन का मामला उठाया, जल्द समाधान की मांग
डिंडौरी। जिले के शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षकों की लंबित समस्याओं को लेकर शासकीय शिक्षक संगठन डिंडौरी जिला अध्यक्ष रामकुमार गर्ग ने शुक्रवार को कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने करंजिया विकासखंड सहित जिले के शिक्षकों की चार प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए उनके शीघ्र निराकरण की मांग की है।

संगठन ने ज्ञापन में बताया कि जिले के प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षकों के वेतनमान में लंबे समय से विसंगतियां बनी हुई हैं। इसके कारण शिक्षकों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, मध्यप्रदेश शासन के आदेशानुसार पात्र शिक्षकों को एरियर्स की राशि का भुगतान नहीं किया गया है। पदोन्नति प्राप्त शिक्षकों का एरियर्स भी अब तक लंबित है।
ज्ञापन में शिक्षकों के राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) खातों में निर्धारित राशि से कम राशि जमा होने का मामला भी प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने मांग की है कि शिक्षकों के NPS खातों का वर्षवार एवं माहवार मिलान कराया जाए, ताकि जमा राशि में सामने आ रहे अंतर का पता चल सके और शेष राशि संबंधित शिक्षकों के खातों में समायोजित कराई जा सके।
इसके साथ ही सेवानिवृत्त एवं दिवंगत शिक्षकों की NPS पेंशन राशि का भुगतान नहीं होने पर भी चिंता जताई गई। संगठन का कहना है कि पूर्व में निर्देश दिए जाने के बावजूद करंजिया विकासखंड सहित जिले के पात्र शिक्षकों को पेंशन राशि का भुगतान नहीं हो पा रहा है।
शासकीय शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष राम कुमार गर्ग ने कलेक्टर से सभी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने तथा शिक्षकों की लंबित समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण कराने का आग्रह किया है।

