(न्यूज डेस्क ) अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के संभागीय अध्यक्ष एवं आईटी सेल प्रभारी रामकुमार गर्ग ने बताया कि शिक्षकों के टीईटी परीक्षा से जुड़े मामले में आज 13 मई को सुप्रीम कोर्ट में महत्वपूर्ण सुनवाई होने जा रही है। इस सुनवाई को लेकर प्रदेशभर के शिक्षकों में उत्सुकता और उम्मीद का माहौल है।
उन्होंने बताया कि अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के घटक संगठन — शासकीय शिक्षक संगठन, राज्य शिक्षक संघ, आजाद शिक्षक संघ तथा ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन द्वारा भी सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर शिक्षकों को राहत प्रदान करने की मांग की गई है।
रामकुमार गर्ग ने कहा कि प्रदेश सरकार ने भी शिक्षकों के पक्ष में सुप्रीम कोर्ट में रिव्यू पिटीशन दायर की है और शिक्षकों को आश्वासन दिया है कि उनके साथ किसी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2010 के पूर्व टीईटी परीक्षा संबंधी नियम लागू नहीं थे, ऐसे में पुराने शिक्षकों पर अब यह नियम लागू करना उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से मांग की कि यदि आवश्यक हो तो अध्यादेश लाकर भी शिक्षकों को राहत प्रदान की जाए।
संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि सुप्रीम Court से शिक्षकों के हित में सकारात्मक निर्णय आएगा, जिससे लंबे समय से असमंजस की स्थिति में चल रहे हजारों शिक्षकों को राहत मिल सकेगी।
