डिंडौरी। रानी दुर्गावती स्टेडियम शहपुरा में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन विभाग के तत्वावधान में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जनपद पंचायत शहपुरा एवं मेंहदवानी के कुल 200 वर-वधु हिंदू रीति-रिवाज के साथ विवाह बंधन में बंधे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं दोनों पक्षों के परिजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री सम्पतिया उईके, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे सहित कई जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। वहीं जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, एसडीएम ऐश्वर्य वर्मा, तहसीलदार रामप्रसाद मार्को सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह में वधुओं को सामुदायिक भवन से मुख्य आयोजन स्थल तक लाया गया, जबकि कन्या क्रीड़ा परिसर से बारात नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए रानी दुर्गावती स्टेडियम पहुंची। यहां धर्मगुरु सुरेश कुमार दुबे एवं शिवकुमार तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सभी जोड़ों का विवाह संपन्न कराया। कार्यक्रम के दौरान गुदुम बाजा और पारंपरिक लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार कार्य कर रही है। विधायक ने नवविवाहित बेटियों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की भी बात कही।
मंत्री सम्पतिया उईके ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना सामाजिक समरसता और बेटियों के सम्मान का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की बात कही। सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि इस योजना से हजारों परिवारों को आर्थिक संबल मिला है और सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में सभी नवविवाहित जोड़ों को 49 हजार रुपये की सहायता राशि ऑनलाइन उनके बैंक खातों में प्रदान की गई। इसके अलावा प्रत्येक जोड़े को पांच बर्तन, पांच जोड़ी कपड़े और एक अंगूठी भेंट स्वरूप दी गई। समारोह में शामिल परिजनों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई। सफल आयोजन के बाद सभी नवदंपत्तियों को शुभकामनाओं के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
