डिंडौरी। अमरपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम रमपुरी में आयोजित टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता RPL सीजन-2 (सरपंच कप) का फाइनल मुकाबला रविवार को उत्साह और रोमांच के बीच संपन्न हुआ। फाइनल मैच NSC रमपुरी और हैकर बॉय सिंघनपुरी के बीच खेला गया, जिसमें NSC रमपुरी ने शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रमपुरी की टीम ने 12 ओवर में 5 विकेट खोकर 172 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। शुरुआत में टीम को कुछ झटके जरूर लगे, लेकिन रोहित सैयाम और कप्तान राहुल मिश्रा ने पारी को संभालते हुए शानदार साझेदारी की। रोहित सैयाम ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 14 छक्कों की मदद से नाबाद 97 रन बनाए, जबकि राहुल मिश्रा ने संयमित खेल दिखाते हुए नाबाद 41 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिंघनपुरी की टीम रमपुरी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 97 रन पर सिमट गई। इस तरह NSC रमपुरी ने मुकाबला जीतकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
रोहित सैयाम को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज घोषित किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि सरपंच शांति धूमकेति एवं उपसरपंच सेम सिंह परस्ते ने विजेता टीम NSC रमपुरी को ₹25,000 की चेक राशि एवं आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की। वहीं उपविजेता सिंघनपुरी टीम को ₹12,000 की चेक राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मंचासीन अतिथि युगल किशोर मिश्रा, धनेश्वर मिश्रा, रामसुजान मिश्रा, माखन लाल बर्मन, कृष्ण लाल बर्मन, उमा प्रसाद और NSC कमेटी के सचिव अखलेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
