Crime News : अवैध रेत परिवहन पड़ा भारी, कोर्ट ने सुनाई सख्त सजा और लगाया जुर्माना….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ न्यायालय ने सख्त रुख अपनाते हुए एक आरोपी को एक वर्ष के साधारण कारावास एवं आर्थिक दंड से दंडित किया है। यह फैसला अवैध खनन के मामलों में कड़ा संदेश माना जा रहा है।

 

मीडिया सेल प्रभारी एवं अभियोजन अधिकारी मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि थाना गाड़ासरई, जिला डिंडौरी में दर्ज अपराध क्रमांक 100/2017 के तहत आरोपी रूप सिंह टेकाम (28 वर्ष), निवासी ग्राम धवाडोगरी, के विरुद्ध अवैध रूप से रेत (बालू) चोरी एवं परिवहन का मामला दर्ज किया गया था।

मामले की सुनवाई के दौरान न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्रीमती कमला उईके, जिला डिंडौरी ने आरोपी को भारतीय दंड संहिता की धारा 379 सहपठित धारा 34 के तहत दोषी ठहराते हुए 1 वर्ष का साधारण कारावास सुनाया। इसके साथ ही मोटर यान अधिनियम के तहत विभिन्न धाराओं में कुल 4,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

क्या था पूरा मामला?

घटना 28 मई 2017 की है, जब पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में नर्मदा नदी से अवैध रूप से रेत लोड कर बरसोद की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बरसोद प्राथमिक शाला के पास नाकाबंदी की।

 

सुबह करीब 8:55 बजे संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर जांच की गई, जिसमें रेत (बालू) लदी पाई गई। पूछताछ में चालक ने अपना नाम रूप सिंह टेकाम बताया, जबकि साथ बैठे व्यक्ति ने स्वयं को ट्रैक्टर मालिक प्रीतम सिंह टेकाम बताया। जांच के दौरान वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। आरोपियों ने स्वीकार किया कि रेत नर्मदा नदी से अवैध रूप से लोड कर बिक्री के लिए ले जाई जा रही थी। इस निर्णय को अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन और न्यायालय की सख्ती के रूप में देखा जा रहा है।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *