— हर चौथे बच्चे की प्राइवेट स्कूल फीस दे रही सरकार, अब किताबें और बैग भी मिलेंगे….
भोपाल। प्रदेश सरकार अब शिक्षा के क्षेत्र में एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि राज्य सरकार सभी वर्गों के हर चौथे बच्चे को प्राइवेट स्कूलों में पढ़ाने की फीस दे रही है। इसके साथ ही अब सरकार ने शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अगले शैक्षणिक सत्र से निशुल्क पाठ्यपुस्तकें और स्कूल बैग उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा आर्थिक अभाव के कारण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार बच्चों के स्वर्णिम भविष्य के लिए संकल्पित है। बेहतर शिक्षा से ही प्रदेश का कल रोशन होगा। सरकार के इस निर्णय से आरटीई के तहत निजी स्कूलों में अध्ययनरत हजारों विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। शिक्षा विभाग ने इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की तैयारी शुरू कर दी है।




