भोपाल। आदिवासी अंचलों में जल उपलब्धता बढ़ाने और ग्रामीणों की जीवनशैली सुधारने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को एक महत्वपूर्ण घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मनरेगा के माध्यम से अब प्रदेश की प्रत्येक पंचायत में 20 नए कुओं का निर्माण किया जाएगा। डॉ. यादव ने बताया कि आदिवासी क्षेत्रों में सिंचाई और पेयजल की समस्या को देखते हुए कुएँ निर्माण अत्यंत आवश्यक है। इस कदम से खेती को स्थायी जलस्रोत मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत आने वाले इन कार्यों से स्थानीय लोगों को रोजगार भी प्राप्त होगा, जिससे विकास और रोज़गार दोनों दिशा में प्रगति संभव होगी। सरकार ने संबंधित विभागों को निर्माण कार्यों को तेजी से शुरू करने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार का दावा है कि इस पहल से आने वाले समय में आदिवासी अंचलों में जल संकट में उल्लेखनीय कमी आएगी और किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।





