डिंडौरी। साकेत नगर डिंडौरी की सुश्री रश्मि कुशरे ने एमपीपीएससी 2023 की प्रतिष्ठित परीक्षा में 20वीं रैंक प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ उनका चयन डिप्टी कलेक्टर पद पर हुआ है। सफलता के बाद उन्होंने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया से सौजन्य भेंट की। कलेक्टर ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि रश्मि की उपलब्धि जिले के युवाओं को प्रेरित करेगी। रश्मि ने बताया कि उन्होंने अपनी परीक्षा तैयारी वर्ष 2019 से प्रारंभ की थी। इससे पहले वे एमपीपीएससी 2021 में सफल होकर सहायक संचालक, स्कूल शिक्षा विभाग के पद पर चयनित हुई थीं। वर्ष 2023 का यह उनका पाँचवाँ प्रयास था, जिसमें उन्होंने श्रेष्ठ प्रदर्शन कर शीर्ष स्थान हासिल किया।

उनकी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर डिंडौरी में तथा स्नातक की पढ़ाई जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज (सिविल इंजीनियरिंग) से सम्पन्न हुई। रश्मि के पिता स्कूल शिक्षा विभाग में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय समनापुर (डिंडौरी) में पदस्थ हैं, जबकि माता गृहणी हैं। मूल रूप से उनका परिवार ग्राम गढ़ी, तहसील बैहर, जिला बालाघाट का निवासी है, किंतु पिता की नौकरी के कारण उनकी अधिकांश शिक्षा डिंडौरी में ही हुई। अपनी उपलब्धि पर रश्मि ने माता-पिता, गुरुजनों, सहपाठियों और दो बहनों को धन्यवाद देते हुए कहा कि परिवार का मजबूत सहयोग उनकी सफलता की सबसे बड़ी शक्ति रहा। उन्होंने परीक्षार्थियों को संदेश दिया कि— लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है। मन लगाकर मेहनत करें, सफलता अवश्य मिलेगी।





