भोपाल। मध्यप्रदेश शासन में शीर्ष प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार वर्ष 1991 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अशोक वर्णवाल को आगामी आदेश तक मध्यप्रदेश का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति अस्थायी (स्थानापन्न) व्यवस्था के तहत की गई है।
— जारी आदेश के मुताबिक
22 जुलाई 2026 को जारी आदेश के मुताबिक अशोक वर्णवाल वर्तमान में अपर मुख्य सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के साथ-साथ राहत एवं पुनर्वास विभाग और आयुक्त, खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे हैं। अब उन्हें आगामी आदेश तक मुख्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह नियुक्ति मध्यप्रदेश के राज्यपाल के नाम से एवं आदेशानुसार की गई है। आदेश पर प्रमुख सचिव (कार्मिक) एम. सेल्वेन्द्रन के हस्ताक्षर हैं।
आदेश की प्रतिलिपि भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, मंत्रिमंडल सचिवालय, राज्यपाल सचिवालय, मुख्यमंत्री कार्यालय सहित मध्यप्रदेश शासन के सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव एवं सचिवों को भी भेजी गई है। इस नियुक्ति को राज्य के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है। अब अशोक वर्णवाल मुख्य सचिव के रूप में शासन-प्रशासन के समन्वय और विभिन्न विभागों के कार्यों की निगरानी की जिम्मेदारी संभालेंगे।

