— कनपुर में कक्षाएं संचालित करने के प्रस्ताव का हुआ विरोध, अब केजी-1 से 12वीं तक की पढ़ाई एक ही परिसर में होगी
डिंडौरी। जनजातीय कार्य विभाग डिंडौरी ने विकासखंड समनापुर के सांदीपनि विद्यालय चांदरानी के संचालन को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सांदीपनि विद्यालय चांदरानी में अब केजी-1 से कक्षा 12वीं तक सभी कक्षाओं का संचालन एक ही परिसर में किया जाएगा।
— जारी आदेश के मुताबिक
जारी आदेश के अनुसार शासन द्वारा सांदीपनि विद्यालय चांदरानी स्वीकृत किया गया था। विद्यालय के लिए दो स्थानों पर भवन तैयार किए गए थे। पहले परिसर में ग्राम चांदरानी में केजी-1 से 8वीं तक तथा दूसरे परिसर में ग्राम कनपुर में 9वीं से 12वीं तक कक्षाएं संचालित करने की योजना थी।
लेकिन ग्राम चांदरानी एवं आसपास के ग्रामीणों और पालकों ने अपने बच्चों को कनपुर भेजने का विरोध किया। इसके बाद 18 जुलाई 2026 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) डिंडौरी और सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य की मौजूदगी में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विद्यार्थियों की सुविधा और पालकों की मांग को देखते हुए सांदीपनि विद्यालय चांदरानी में ही केजी-1 से कक्षा 12वीं तक सभी कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। इसके बाद सहायक आयुक्त ने विद्यालय के प्राचार्य को निर्देश जारी करते हुए तत्काल प्रभाव से चांदरानी परिसर में सभी कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। इस आदेश की प्रतिलिपि आयुक्त जनजातीय कार्य, कलेक्टर डिंडौरी, जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी समनापुर सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है।

