भोपाल। जनजातीय कार्य विभाग मध्यप्रदेश ने शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए अत्याधुनिक eHRMS पोर्टल पर e-Attendance मॉड्यूल की शुरुआत कर दी है। अब प्रदेशभर के विभागीय संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों की उपस्थिति मोबाइल ऐप आधारित फेस रिकग्निशन तकनीक से ऑनलाइन दर्ज होगी।
विभाग के आयुक्त शुक्ला द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 25 सितम्बर 2025 से यह व्यवस्था अनिवार्य रूप से लागू होगी। इसके लिए विभागीय अधिकारियों और शिक्षकीय अमले को ऑनलाइन डेमोंस्ट्रेशन एवं प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। साथ ही उपयोगकर्ताओं के लिए मार्गदर्शिका उपलब्ध कराई गई है।
पूर्व में 12 सितम्बर को जारी पत्र में शिक्षकों एवं संस्थाओं के प्रोफाइल अपडेट और जानकारी अद्यतन करने के निर्देश दिए गए थे। आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि अब प्रत्येक कार्यालय प्रमुख एवं आहरण संवितरण अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सभी शिक्षकों की उपस्थिति eHRMS (इलेक्ट्रॉनिक मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली) पोर्टल के e-Attendance सिस्टम से ही दर्ज की जाए।
इस आदेश की प्रतिलिपि मंत्री, प्रमुख सचिव, अनुसूचित जाति कल्याण विभाग, अनुसंधान एवं विकास संस्थान तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है। नई व्यवस्था से विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी और उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया पूर्णतः डिजिटल और रियल टाइम हो जाएगी।




