Dindori News : सेवा पखवाड़ा अभियान : 5 किमी मैराथन में अव्वल धावकों को पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह ने किया सम्मानित….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत जिले के होनहार एथलीटों को पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह ने सम्मानित किया। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे इस अभियान के तहत 19 सितंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जोगी टिकरिया तक 5 किमी की मैराथन रेस का आयोजन किया गया, जिसमें बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले धावकों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। बालिका वर्ग में प्रथम स्थान सेवती, द्वितीय स्थान राजेश्वरी धुर्वे, तृतीय अभिलाषा नंदा, चतुर्थ अंबिका मार्को, पांचवां सुनीला धुर्वे एवं छठवां स्थान वैष्णवी मरावी ने प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग में प्रथम स्थान दौलत सिंह कुशराम, द्वितीय पिंकेश कुमार नेताम, तृतीय लक्ष्मण सिंह मरावी, चतुर्थ जुगराज धुर्वे, पांचवां ऋतिक कुशराम एवं छठवां स्थान राजेंद्र कुमार ने हासिल किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले धावकों को खेल किट भेंट कर सम्मानित किया और कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बस उन्हें पहचान कर आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि नियमित अभ्यास से वे भविष्य में न केवल जिले का नाम रोशन करेंगे बल्कि पुलिस, आर्मी, एयरफोर्स और नेवी जैसी सेवाओं में भी अपना भविष्य बना सकते हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों को खेल विभाग की कु. आरती सोंधिया से संपर्क कर बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त करने की सलाह दी। साथ ही उपस्थित अधिकारियों—स्टेनो गीतेंद्र दादरे, मुख्य लिपिक पी.एस. पट्टाबी, एसआई सहज राम कोकड़िया और सूबेदार कुंवर से—ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि छोटे-छोटे खेल आयोजनों से प्रतिभाओं को निखारा जा सकता है और उन्हें बड़े स्तर तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करने और अन्य युवाओं को भी खेल की ओर प्रेरित करने का आह्वान किया।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *