भोपाल। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की स्मृति में 30 जनवरी 2026 को पूरे प्रदेश में प्रातः 11.00 बजे दो मिनट का मौन रखा जाएगा। इस संबंध में मध्यप्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग ने समस्त विभागों, विभागाध्यक्षों, संभागीय आयुक्तों एवं कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं।
— जारी आदेश के मुताबिक
शासन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि प्रतिवर्ष 30 जनवरी को शहीद दिवस के अवसर पर पूरे देश में दो मिनट का मौन रखा जाता है। इस दौरान सभी कार्य और आवागमन रोककर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। निर्देशों के अनुसार जहां संभव हो वहां मौन की शुरुआत और समाप्ति की सूचना सायरन या आर्मी गन के माध्यम से दी जाएगी। सायरन सुबह 10.59 से 11.00 बजे तक बजाया जाएगा और मौन समाप्ति के बाद 11.02 से 11.03 बजे तक ऑल क्लियर सायरन बजाया जाएगा। शासन ने यह भी कहा है कि सिग्नल सुनते ही सभी व्यक्ति खड़े होकर मौन धारण करेंगे। जिन स्थानों पर सायरन की व्यवस्था नहीं है वहां संबंधितों को समय पर मौन रखने हेतु आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।

शासन ने यह भी उल्लेख किया कि विगत वर्षों में कई बार आम जनता इस अवसर की गंभीरता को नहीं समझ पाती, इसलिए इस बार शहीद दिवस को पूरी संवेदनशीलता और सम्मान के साथ मनाने पर विशेष जोर दिया गया है। सभी शैक्षणिक संस्थाओं एवं सार्वजनिक उपक्रमों को भी निर्देशित किया गया है कि वे शहीद दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित करें और स्वतंत्रता संग्राम एवं राष्ट्रीय एकता पर वार्ता/भाषण हाईब्रिड मोड में आयोजित किए जाएं।





