डिंडौरी। शासकीय हाई स्कूल मुड़की में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए 27 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक पांच दिवसीय कैरियर मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी देकर सही दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करना है। कैरियर मेले का शुभारंभ 27 जनवरी को कार्यक्रम के नोडल अधिकारी गिरीश कुमार मोहारी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देवेंद्र कुमार गवले, प्राध्यापक शासकीय चंद्र विजय कॉलेज उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राज बहादुर सिंह, संचालक एवं प्राचार्य राजूषा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा अंजलि अहिरवार, शिक्षिका प्राचीन डिंडोरी विद्यालय एवं चयनित सहायक प्राध्यापक मौजूद रहीं। शिक्षक अवधेश तेकाम एवं संस्था की प्राचार्य सुनीता नामदेव द्वारा दीप प्रज्वलन कर मेले का शुभारंभ किया गया।
उद्घाटन सत्र के पश्चात विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग प्रदान की गई तथा शासन द्वारा संचालित रोजगार उन्मुखी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के द्वितीय दिवस पॉलिटेक्निक महाविद्यालय से किशोर डहेलिया, व्याख्याता (मैकेनिकल विभाग) एवं सचिन वासनिक, व्याख्याता (सिविल विभाग) ने विद्यार्थियों को विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही सीपीसीटी कोर्स के महत्व और उपयोगिता पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।
तृतीय दिवस जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आशीष केसरवानी, जिला चिकित्सालय डिंडोरी से डॉ. हर्षवर्धन, डॉ. कंचन बर्मन, उच्च माध्यमिक शिक्षक सांदीपनि विद्यालय धनुवासागर तथा राम कुमार बनावल, उच्च माध्यमिक शिक्षक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्राचीन डिंडोरी द्वारा विद्यार्थियों को करियर संबंधी मार्गदर्शन दिया गया। इस दौरान पीएससी, यूपीएससी, सीए, नीट एवं जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में उपयोगी जानकारी प्रदान की गई।
कैरियर मेले के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, स्किल डेवलपमेंट एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए निरंतर प्रेरित किया जा रहा है। इस आयोजन को सफल बनाने में प्राचार्य सुनीता नामदेव सहित शिक्षक लक्ष्मी सैयाम, मोहम्मद शकील मंसूरी, माया धुर्वे, दिनेश नीरिया, अभिलाषा साहू एवं प्रभारी शिक्षिका सोनाली पांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
