Agniveer Bharti : सिर्फ 15 जिलों के युवाओं को मिलेगा सेना में जाने का मौका… क्या आपका जिला भी शामिल है..?

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

जबलपुर। भारतीय सेना में शामिल होने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए सुनहरा अवसर सामने आया है। भर्ती कार्यालय मुख्यालय जबलपुर द्वारा अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह भर्ती रैली 13 फरवरी से 24 फरवरी 2026 तक पुलिस लाइंस झिंझरी कटनी में आयोजित होगी। इस रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क स्टोर कीपर और ट्रेड्समैन जैसे पदों पर भर्ती की जाएगी।

इस भर्ती प्रक्रिया में जबलपुर, अनूपपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, कटनी, मंडला, मउगंज, नीमच, रीवा, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और उमरिया जिले के युवा भाग ले सकेंगे। इसके साथ ही मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के सभी जिलों की महिला उम्मीदवार महिला सैन्य पुलिस भर्ती के लिए आवेदन कर सकती हैं।

सेना द्वारा मई और जून 2025 में ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस परीक्षा आयोजित की गई थी। जो अभ्यर्थी इस परीक्षा में उत्तीर्ण हुए हैं, उन्हें 27 जनवरी 2026 को ईमेल के माध्यम से एडमिट कार्ड भेज दिए गए हैं। अब ये उम्मीदवार शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होंगे।

रैली में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, सभी आवश्यक दस्तावेज तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य होगा। फोटो रैली की तारीख से सात दिन से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए। अग्निवीर ट्रेड्समैन और जनरल ड्यूटी के उम्मीदवारों को पांच विषयों में उत्तीर्ण होना जरूरी बताया गया है।

भर्ती कार्यालय जबलपुर ने स्पष्ट किया है कि सेना में चयन पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट के आधार पर होगा। उम्मीदवारों को किसी भी दलाल या बिचौलिए के झांसे में न आने की सलाह दी गई है। अधिक जानकारी के लिए भर्ती कार्यालय जबलपुर के टेलीफोन नंबर 7247028996 पर संपर्क किया जा सकता है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *