Mp Board 2026 : हाईस्कूल–हायर सेकण्डरी के परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव, हिन्दी सहित कई विषयों की तिथियाँ संशोधित….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मण्डल, मध्यप्रदेश (एमपीबीएसई) ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं हायर सेकण्डरी मुख्य परीक्षाओं के परीक्षा कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया है। मण्डल द्वारा जारी आदेश के अनुसार कुछ विषयों की परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव किया गया है, जबकि डी.पी.एस.ई. (विद्यालय पूर्व शिक्षा में डिप्लोमा) परीक्षा 2026 का कार्यक्रम पूर्ववत रहेगा।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार हाईस्कूल परीक्षा में हिन्दी विषय की परीक्षा, जो पहले 11 फरवरी 2026 को प्रस्तावित थी, अब 06 मार्च 2026 (शुक्रवार) को आयोजित की जाएगी। वहीं हायर सेकण्डरी परीक्षा में उर्दू एवं मराठी विषय की परीक्षा, जो 09 फरवरी 2026 को निर्धारित थी, अब 06 मार्च 2026 (शुक्रवार) को होगी। इसके साथ ही हायर सेकण्डरी हिन्दी विषय की परीक्षा, जो पहले 07 फरवरी 2026 को तय थी, अब 07 मार्च 2026 (शनिवार) को संपन्न कराई जाएगी।

मण्डल ने स्पष्ट किया है कि सभी परीक्षाएँ प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होंगी। नियमित, स्वाध्यायी एवं दिव्यांग (दृष्टिहीन एवं मूकबधिर) परीक्षार्थियों की परीक्षाएँ समान तिथि, दिवस एवं समय पर ही कराई जाएंगी।

मण्डल ने समस्त शासकीय एवं मान्यता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि संशोधित परीक्षा कार्यक्रम को शाला के नोटिस बोर्ड पर ऐसे स्थान पर प्रदर्शित करें, जहां परीक्षार्थी एवं अभिभावक आसानी से देख सकें। साथ ही कक्षा अध्यापकों को भी विद्यार्थियों को उनके संबंधित विषय, प्रश्नपत्र, तिथि, दिवस एवं समय की जानकारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। संशोधित परीक्षा कार्यक्रम मण्डल की आधिकारिक वेबसाइट www.mpbse.nic.in पर भी उपलब्ध है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *