डिंडौरी। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान की समीक्षा बैठक शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले के चयनित 563 ग्रामों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने सभी संबंधित विभागों को जनहित को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों के प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि केन्द्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना धरती आबा के प्रभावी क्रियान्वयन से जनजातीय क्षेत्रों में समग्र विकास सुनिश्चित किया जाए। बैठक में बिजली विभाग को लाइन विहीन गांवों में सोलर पैनल के माध्यम से बिजली उपलब्ध कराने, वहीं बीएसएनएल को ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क सुविधा के लिए टावर शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए गए।
वन विभाग को बंधन योजना के तहत वन समितियों और वन ग्रामों में निवासरत लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि 3 हजार की आबादी पर एक स्वास्थ्य केंद्र के प्रावधान के तहत जिले में 35 उपस्वास्थ्य केंद्रों के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। उद्योग विभाग द्वारा ग्रामीण बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से 35 प्रशिक्षण केंद्र खोलने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया।
बैठक में अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, एसडीएम डिंडौरी भारती मेरावी, एसडीएम बजाग राम बाबू देवांगन, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग राजेन्द्र कुमार जाटव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनपद सीईओ एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।




