डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक लेकर जिले में संचालित शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, एसडीएम डिंडौरी भारती मेरावी, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की गहन समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगामी माह में किसी भी विभाग की सीएम हेल्पलाइन रैंकिंग खराब नहीं होनी चाहिए। 50 दिवस से अधिक लंबित प्रकरणों पर विशेष ध्यान देने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को कर्मचारी संघ से समन्वय कर वेतन देयक, समयमान वेतनमान, वेतनवृद्धि, क्रमोन्नति, पेंशन सहित अन्य कर्मचारी संबंधी मामलों का एक सप्ताह के भीतर प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। इसमें लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
नगर परिषद अधिकारियों को बाजारों में पॉलीथिन के उपयोग पर सख्ती से रोक लगाने तथा दोना-पत्तल के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। नर्मदा जयंती के अवसर पर डीजे एवं भंडारा आयोजन एसडीएम की अनुमति से मुख्य बस स्टैंड परिसर में ही कराने के निर्देश देते हुए घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के लिए एसडीएम, एसडीओपी एवं पुलिस को विशेष इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया।
सुगद टूरी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बीएमओ एवं सीडीपीओ को 13 जनवरी को आवश्यक सामग्री जिला मुख्यालय से ले जाने और 17 जनवरी को कैंप स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए, जिससे 19 जनवरी को प्रस्तावित कैंप सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
कलेक्टर ने 1 फरवरी से जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश एसडीएम एवं तहसीलदारों को दिए। साथ ही सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सौर ऊर्जा आधारित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश देते हुए नदी किनारे स्थित किसानों की भूमि पर सोलर पैनल आधारित सिंचाई उपकरण स्थापित करने हेतु लगभग एक हजार पात्र किसानों के आवेदन तैयार करने को कहा गया।
बैठक में समनापुर, बजाग, करंजिया एवं शहपुरा विकासखंडों के हाट बाजारों में नियमित रूप से जैविक उत्पादों के हाट बाजार आयोजित करने, पशुपालन एवं डेयरी विभाग को नई सहकारी दुग्ध समितियों के गठन, निष्क्रिय समितियों को पुनः सक्रिय करने तथा नए मिल्क रूट विकसित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा सीपी ग्राम एवं पीएम जनमन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सहकारिता, एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को बटवारा, सीमांकन, नामांतरण, फौतीनामा, ई-केवाईसी एवं राजस्व वसूली जैसे मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए और सभी विभागों को जनहित एवं विकास कार्यों में गंभीरता से कार्य करने को कहा।




