— एक मिमिक्री ने बदल दी किस्मत, शिक्षक पर अचानक गिरी निलंबन की गाज
मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में प्रधानमंत्री Narendra Modi की मिमिक्री करना एक सरकारी शिक्षक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद शिक्षा विभाग ने संबंधित शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार पोहरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय आदिवासी मोहल्ला सेमरखेड़ी (संकुल केंद्र बैराड़) में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक साकेत पुरोहित ने हाल ही में एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इस वीडियो में शिक्षक ने प्रधानमंत्री की मिमिक्री करते हुए घरेलू गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों को लेकर कटाक्ष किया था। वीडियो के वायरल होने के बाद यह मामला विवाद का विषय बन गया।
बताया जा रहा है कि पिछोर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक Pritam Lodhi ने इस मामले की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी से की थी। विधायक ने आरोप लगाया कि शिक्षक द्वारा जनप्रतिनिधि की मिमिक्री करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है, जिससे समाज में गलत संदेश जा रहा है और यह शासकीय सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन है।
शिकायत मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने मामले की जांच कराई। जांच में प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि शिक्षक द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया वीडियो मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के उपनियम (1), (2) एवं (3) का उल्लंघन करता है।
इसके बाद मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत कार्रवाई करते हुए प्राथमिक शिक्षक साकेत पुरोहित को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बदरवास निर्धारित किया गया है।
साथ ही उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिए जाने का भी प्रावधान रखा गया है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, शिवपुरी द्वारा 13 मार्च 2026 को जारी आदेश में कहा गया है कि शिक्षक द्वारा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने से विभाग की छवि धूमिल हुई है और यह अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इसी आधार पर यह कार्रवाई की गई है। देखें आदेश…

