Guest Teachers Protest : अतिथि शिक्षकों का आंदोलन, नियमितीकरण और अन्य मांगों को लेकर राजधानी में जोरदार प्रदर्शन….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

मध्यप्रदेश में अतिथि शिक्षकों के नियमितीकरण एवं अन्य मांगों को लेकर स्कूल आज़ाद अतिथि शिक्षक संघ के बैनर तले प्रदेशभर के अतिथि शिक्षक भोपाल स्थित अंबेडकर पार्क में एकत्रित हुए और विशाल धरना-प्रदर्शन किया। इस आंदोलन में प्रदेश के कोने-कोने से लगभग 8,000 से 10,000 अतिथि शिक्षकों ने भाग लेकर अपनी मांगों को मजबूती से सरकार के समक्ष रखा।

डिंडौरी जिले से लगभग 100-150 अतिथि शिक्षक जिला अध्यक्ष इमरान मलिक के नेतृत्व में शामिल हुए और पहली बार जिले को मंच से अपनी बात रखने का अवसर मिला। इमरान मलिक ने कहा – “जब से अतिथि शिक्षक पद का सृजन हुआ है, तब से हम सभी अल्प मानदेय पर भी पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य कर रहे हैं, प्रदेश का भविष्य संवार रहे हैं, लेकिन दुर्भाग्य से हमारा भविष्य अब भी असुरक्षित है।”

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने दूरसंचार के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि सरकार अतिथि शिक्षकों के भविष्य की चिंता कर रही है और नई नीति निर्माण की प्रक्रिया जारी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी अतिथि शिक्षकों के हित में सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हैं।

मंच पर राज्य शिक्षा अध्यक्ष जगदीश यादव सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने अतिथि शिक्षकों की उचित मांगों का समर्थन किया और समय-समय पर सरकार तक उन्हें पहुँचाने का भरोसा दिलाया। डिंडौरी जिले से जिला कार्यकारिणी सदस्य जीतेश गायकवाड़, लक्ष्मीनारायण यादव, निरुपमा नामदेव, अनुराधा बरमैया, शरद संग्राम, रविन्द्र सुरेश्वर, इशाक अली, प्रेम वाष्पे, आनंद कटारिया, विजय पट्टा, चंदन यादव, विदेंद्र दुबे सहित अनेक अतिथि शिक्षक सक्रिय रूप से शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने में अग्रणी रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *