मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए लोकायुक्त लगातार कार्रवाई कर रही है। इसके बावजूद रिश्वतखोर अधिकारी-कर्मचारी बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला दमोह जिले से सामने आया है, जहां ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग में पदस्थ सब इंजीनियर राजन सिंह को लोकायुक्त सागर की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ लिया।
जानकारी के मुताबिक सब इंजीनियर राजन सिंह ने ग्राम पंचायत बारामासा की सरपंच लीला गौंड से निर्माण कार्यों के मूल्यांकन के बदले 80 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। पहली किस्त के रूप में वह पहले ही 20 हजार रुपये ले चुका था। इसके बाद जब उसने दूसरी किश्त मांगी तो सरपंच ने इसकी शिकायत लोकायुक्त सागर कार्यालय में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मंगलवार को लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सब इंजीनियर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




