— दो संगीत शिक्षकों की समिति करेगी गुणवत्ता परीक्षण
भोपाल। समग्र शिक्षा अभियान एवं पीएमश्री योजना के अंतर्गत प्रदेश के सरकारी विद्यालयों को प्रदाय किए जा रहे संगीत उपकरणों की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
— जारी आदेश के मुताबिक
जारी आदेश के अनुसार विभिन्न प्रदायकर्ताओं द्वारा विद्यालयों को उपलब्ध कराए गए संगीत उपकरणों की तकनीकी एवं भौतिक गुणवत्ता का परीक्षण अनिवार्य किया गया है। इसके लिए प्रत्येक जिले में दो संगीत शिक्षकों की समिति गठित की जाएगी, जो उपकरणों का परीक्षण निर्धारित मापदंडों एवं विशिष्ट विवरण (स्पेसिफिकेशन) के आधार पर करेगी।
गुणवत्ता परीक्षण पूर्ण होने के पश्चात समिति द्वारा तैयार की गई प्रमाणीकरण रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी के हस्ताक्षर एवं पदमुद्रा सहित 16 दिवस के भीतर पीएमश्री कक्ष एवं जेंडर इक्विटी कक्ष को भेजना अनिवार्य होगा। रिपोर्ट हार्ड कॉपी के साथ ई-मेल के माध्यम से भी प्रेषित की जाएगी।
लोक शिक्षण संचालनालय का कहना है कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य विद्यालयों में छात्रों को उपलब्ध कराए जा रहे संगीत उपकरणों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है, जिससे शैक्षणिक गतिविधियों में किसी प्रकार की कमी न रहे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, गुणवत्ता परीक्षण से योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता आएगी और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध होंगे।




