डिंडौरी। जिले के समनापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम भालापुरी में रविवार देर रात एक लापरवाह वाहन चालक की वजह से बड़ा हादसा हो गया। 04 जनवरी की रात करीब 9:55 बजे वाहन क्रमांक MP20 ZK 9865 के चालक ने सड़क किनारे लगे विद्युत पोल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बिजली का खंभा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त विद्युत पोल ग्राम में नल-जल योजना को विद्युत आपूर्ति प्रदान कर रहा था। टक्कर के कारण मौके पर लगा एक नग LT (लो टेंशन) बिजली खंभा पूरी तरह टूट गया, वहीं उससे जुड़ी LT केबल भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना के बाद ग्राम भालापुरी में नल-जल योजना की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली विभाग ने बताया कि इस दुर्घटना से विभाग को लगभग 20 हजार रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। घटना स्थल पर पंचनामा तैयार कर लिया गया है तथा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। साथ ही संबंधित वाहन चालक के खिलाफ पुलिस थाना में एफआईआर दर्ज कराने हेतु रिपोर्ट भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही प्रशासन से शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल कर नल-जल योजना को पुनः चालू कराने की अपील की है।
