डिंडौरी। जिले में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। कलेक्टर डिंडौरी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त, सीबीएसई एवं केन्द्रीय विद्यालयों में प्री-प्रायमरी से कक्षा नर्सरी से पाँचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 05 एवं 06 जनवरी 2026 को दो दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अवकाश के दौरान शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। निरीक्षण के दौरान यदि किसी संस्था द्वारा आदेश का पालन नहीं किया जाता पाया गया, तो संबंधित संस्था प्रमुख के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
इसी तरह मौसम की अत्यधिक प्रतिकूलता को ध्यान में रखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले में संचालित समस्त आंगनवाड़ी केंद्रों में भी 05 व 06 जनवरी 2026 को दो दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं केंद्रों पर उपस्थित रहकर विभागीय योजनाओं से संबंधित कार्य संपादित करेंगी, वहीं सेक्टर पर्यवेक्षक एवं सीडीपीओ भ्रमण व पर्यवेक्षण कार्य पूर्ववत करते रहेंगे। प्रशासन के इस निर्णय से शीतलहर के दौरान छोटे बच्चों को राहत मिली है। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों, स्कूल प्रबंधन और आंगनवाड़ी परियोजना अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
