मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान पंजीयन कार्य में तकनीकी दिक्कतों और हड़ताल के कारण अनेक किसान पंजीयन से वंचित रह गए। जिला कलेक्टर कार्यालय (खाद्य शाखा) डिंडौरी से आयुक्त, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय, भोपाल को भेजे गए प्रतिवेदन में पंजीयन की अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया गया है।
जारी पत्र के अनुसार शासन द्वारा धान पंजीयन की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर 2025 निर्धारित की गई थी। किंतु सहकारी समितियों के कर्मचारियों की हड़ताल 22 सितंबर तक रहने के कारण पंजीयन कार्य लगभग सात दिनों तक प्रभावित रहा। इसके अतिरिक्त ई-उपार्जन पोर्टल पर किसानों को ओटीपी एवं गिरदावरी संबंधी समस्याएँ आईं, जिससे कार्य की गति धीमी रही।
अंतिम दिवस पर पंजीयन केंद्रों में किसानों की भीड़ बढ़ने से जिले के 20 पंजीयन केंद्रों में कुल 692 किसानों का पंजीयन नहीं हो सका। जिला प्रशासन ने उक्त परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पंजीयन अवधि बढ़ाने की सिफारिश की है, ताकि शेष किसान भी पोर्टल पर अपना पंजीयन कर सकें।





