डिंडौरी/शहपुरा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष उत्सव के अवसर पर रविवार को ग्राम मानिकपुर में विशाल कार्यक्रम एवं पथ संचलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मानिकपुर खेल मैदान में भारत माता एवं शस्त्र पूजन के साथ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राम अभिषेक तिवारी, जिला शारीरिक प्रमुख ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि “संघ इस वर्ष अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण कर शताब्दी पर्व मना रहा है। डॉ. हेडगेवार द्वारा स्थापित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आज विश्व का सबसे बड़ा स्वयंसेवी संगठन बन चुका है, जो सदैव राष्ट्र सेवा के लिए तत्पर रहता है।”
संबोधन के उपरांत स्वयंसेवकों ने ग्राम के मुख्य मार्गों से अनुशासित पथ संचलन निकाला, जो पूरे ग्राम में भ्रमण करने के बाद पुनः खेल मैदान में आकर संपन्न हुआ।
इस अवसर पर नागेंद्र सिंह चौहान (खंड कार्यवाह), नरेश सिंह ठाकुर (खंड कार्यवाह), लोकेश बड़गैंया (खंड व्यवस्था प्रमुख), मुकेश सोनी (सह खंड व्यवस्था प्रमुख), सत्यम भाई साहब (तहसील प्रचारक), सोनेलाल परस्ते (खंड शारीरिक प्रमुख), योगेश पाठक (महाविद्यालय प्रमुख), मंडल अध्यक्ष हीरेंद्र सिंह, उत्तम असाटी, राजेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात रहा।




