डिंडौरी। शासकीय प्राथमिक विद्यालय शिकारी टोला में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी प्रवेशोत्सव बड़े धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। समारोह की शुरुआत ज्ञान की देवी मां सरस्वती का पूजन अर्चन करके की गई। बच्चों, पालकों और शिक्षकों ने देवी के साथ-साथ बाल देवों भव के उपासक गिजूभाई जी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
प्रवेशोत्सव में कक्षा पहली में प्रवेश लेने वाले बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें स्लेट, बत्ती और बाल पोथी पहाड़ा देकर उत्साहित किया गया। इसके पश्चात संस्था प्रमुख सुश्री उमा उपाध्याय ने सभी पालकों, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्यों और पंचायत प्रतिनिधियों का स्वागत किया।
संस्था प्रमुख ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में सहयोग के लिए बच्चों, पालकों और शिक्षकों का धन्यवाद किया। उन्होंने बच्चों के परीक्षा परिणाम साझा किए और अच्छे प्रदर्शन पर बच्चों एवं पालकों को बधाई दी। आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 में भी सभी के सक्रिय सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही वार्षिक कार्ययोजना प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों और पालकों के लिए विशेष भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने एक साथ भोजन किया। इस आयोजन में शिक्षिका कल्पना युइके, शाला प्रबंधन समिति, बाल केबिनेट एवं रसोई टीम का विशेष योगदान रहा। संस्था प्रमुख ने अंत में सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
